दीये बेचने जा रहे व्यक्ति की वाहन की चपेट से मौत
बस्ती। जिले के मुंडेरवा थाना अंतर्गत खझौला में फोरलेन हाईवे पर कट के पास शनिवार को वाहन की चपेट में आकर साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। वह साइकिल से दीपावली पर्व के लिए दीए बेचने जा रहा था। मौके पर पहुंची खझौला चौकी की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक के परिवार के लोगों को सूचना दी।
चौकी प्रभारी चंद्र प्रकाश यादव ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की मदद से अज्ञात वाहन को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के रमवापुर निवासी रघुवर प्रजापति (55) पुत्र स्व. सूर्यबली मिट्टी के दीए आदि बनाकर बेचते थे। बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह करीब सात बजे साइकिल पर दीए लेकर उन्हें बेचने के लिए घर से निकले थे।
अभी रघुवर फोरलेन पर खझौला कट के पास पहुंचे थे कि तभी बस्ती-गोरखपुर लेन पर बस्ती की तरफ से आ रही एक अज्ञात गाड़ी ने उनकी साइकिल को चपेट में ले ली। हादसे में बेहद गंभीर चोट आने से रघुवर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, वाहन चालक गोरखपुर की तरफ फरार हो गया।