डीएम ने युवाओं को दिलाई मतदान की शपथ
कहा- दुनिया के तमाम देश यहां की मतदान प्रक्रिया का कर रहे अध्ययन
मतदाता बनाने में, आधार लिंक सहित मतदान के विभिन्न कार्यक्रमों सहयोग कि लिए मिला प्रशंसा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती । 13वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर डीएम प्रियंका निरंजन ने शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में युवाओं को मतदान की शपथ दिलाई। कहा कि विश्व के अन्य देशों से लोग भारत में मतदान प्रक्रिया का अध्ययन करने आते हैै। तमाम देशों में भारत निर्वाचन आयोग मतदान कराने में सहयोग करता है। यह हमारे लोकतंत्र की मजबूती दर्शाता है।
डीएम ने कहा कि 17 से 18 वर्ष आयु के युवा मतदाता बनने के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा वर्ष में चार बार मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं। डीएम ने नये मतदाता संजना, आर्य, अंकुश, समीना खातून, अंगद कुमार, शैलेष, दिव्या, पूनम, पूजा तथा रंजना को प्रशंसापत्र प्रदान किया।
डीएम ने सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/बीईओ बनकटी अरुण यादव को सर्वाधिक मतदाता बनाने के लिए प्रशंसापत्र दिया। इसके अलावा सर्वाधिक मतदाता पहचानपत्र को आधार से लिंक कराने के लिए सुपरवाइजर शैलेंद्र यादव, शीला प्रजापति, शशांक सिंह, अमित पटेल, रविंद्र कुमार, अरुण श्रीवास्तव को सम्मानित किया। आधार से लिंक कराने के लिए बीएलओ मुकेश यादव, सुरेश चंद्र, गुलाबराम, पंकज कुमार, अंजलि सिंह, सुरेश सिंह, रामाशीष, रिंकी कुमारी, सुग्रीव तथा रामधनी को भी सम्मानपत्र दिया।
इस मौके पर सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, एडीएम कमलेश चंद्र, एडीएम सदर शैलेष दूबे, डीडीओ अजीत श्रीवास्तव, तहसीलदार सीताराम गुप्ता, नायब तहसीलदार केके मिश्रा, प्रधानाचार्य नीलम सिह, मुस्लिमा खातून, एसबी सिंह आदि मौजूद रहे।
इसके पहले जीआईसी से जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओ ने भाग लिया। स्टेडियम के कार्यक्रम का संचालन अध्यापिका पूर्णिमा श्रीवास्तव ने किया।
रुधौली में एसडीएम ने दिलाई शपथ
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर रुधौली में दिलेश्वरी इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं एसडीएम आनंद श्रीनेत ने शपथ दिलाई। एसडीएम ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उद्देश्य पर अपनी बात रखी। तहसीलदार केसरीनाथ त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी विजय आनंद ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण कुमार मिश्रा, नायब तहसीलदार कमलेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। प्रभारी निरीक्षक रुधौली संजय कुमार ने रुधौली पुलिस टीम के सभी पुलिसकर्मियों को लोकतांत्रिक परंपराओ की मर्यादा को बनाए रखने की शपथ दिलाई।
किसान इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने निकाली रैली
भानपुर। किसान इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ एसडीएम गिरीश कुमार झा ने रैली निकाल कर लोगों को निर्भीक होकर मतदान करने के लिए जागरूक किया। रैली किसान इंटर कॉलेज भानपुर से निकल कर रुधौली तिराहा पड़ाव से होते हुए तहसील मुख्यालय पर समाप्त हुई। एसडीएम ने सभी को बिना किसी भय और प्रलोभन के मतदान करने के लिए शपथ दिलाई। इस मौके पर एनटी अजीत कुमार सिंह, एनटी पूजा वर्मा, प्रधानाचार्य डॉ. अनिल कुमार राय सहित सभी शिक्षक और तहसील कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं, रामनगर ब्लॉक में बीडीओ रमेश दत्त मिश्र ने सभी सचिवों और ग्राम प्रधानों को शपथ दिलाई। इस मौके पर एडीओ पंचायत विजय कुमार चौधरी, लेखाकार अनिल कुमार, सचिव प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद
न्यायालय परिसर में मना मतदाता दिवस
बस्ती। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण व जनपद न्यायाधीश के निर्देश के क्रम में बुधवार को मतदाता जागरूकता दिवस पर न्यायिक अधिकारियों व कर्मियों ने शपथ ली। जिला जज कुलदीप सक्सेना ने सभी को मतदान को लेकर जागरूक करने के लिए प्रेरित करने को कहा। यह जानकारी अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रजनीश कुमार मिश्रा ने दी है। संवाद
मतदाता दिवस पर चित्रकला का आयोजन
बस्ती। केंद्रीय विद्यालय बुधवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इसमें शपथ ग्रहण समारोह, चित्रकला प्रतियोगिता, स्लोगन प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, कविता पाठ सहित अन्य कार्यक्रम हुआ। प्रधानाचार्य मयंक कुमार श्रीवास्तव ने बच्चों को मतदान का महत्व के बारे में बताया कि वे अपने घरों में अपने अभिभावकों को और आसपास के लोगों को मतदान का महत्व बताएं। ताकि आने वाले चुनाव में स्वच्छ और सही सरकार बने, जिससे देश का विकास हो और लोगों को अधिक से अधिक सुविधाएं मिलें। इस मौके पर विंदेश्वरी शुक्ल, आरके गुप्ता, विवेक राज कुशवाहा, एसके पांडेय, सुमन पाठक सहित समस्त शिक्षक मौजूद रहे। संवाद