बभनान। नगर पंचायत से होकर हर्रैया-मनकापुर सड़क निकलती है। सड़क निर्माण के समय नगर पंचायत में पटरियों का निर्माण न होना गन्ना ढुलाई के समय समस्याएं पैदा कर रहा है। कस्बे में जगह-जगह जाम लग रहा है। जिससे राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गन्ना पेराई सत्र शुरू होने से पहले प्रशासन व पीडब्ल्यूडी पटरियों की मरम्मत व अतिक्रमण हटाने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं करता है। ऐसे में गन्ना ढुलाई के समय जाम की समस्याओं से राहगीरों को परेशान होना पड़ता है। गन्ना लदे वाहन सड़क छोड़कर नीचे पटरियों पर नहीं उतर सकते, अन्य वाहन पटरियों से साइड लेते हुए आगे निकल सकते हैं लेकिन वे भी पटरियों के सड़क से करीब तीन फिट गहरा होने के कारण साइड नहीं ले सकते। यही कारण है कि कस्बे को रोज घंटों जाम से जूझना पड़ रहा है।
शुकवार की दोपहर में नगर पंचायत के गौर रोड से पेट्रोल पंप तिराहा, हरैया तिराहे से लेकर करनपुर, स्टेशन चौराहे से चीनी मिल गेट और विजयनगर चौराहे से लेकर लक्ष्मीबाई नगर वार्ड तक सड़क पर ही गन्ना लदी गाड़ियां खड़ी रहीं। जिससे दिनभर जाम लगा रहा। बभनान चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि अतिक्रमण नगर पंचायत और प्रशासन ही हटवा सकता है। यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस सदैव तत्पर रहती है।