बुधवार रात दुकान से घर जाते समय हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कोतवाली क्षेत्र के कटरा में पुरानी रंजिश को लेकर युवक को चाकू मारने की मामला सामने आया है। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की मां ने कोतवाली में तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के मूड़घाट निवासी भानू चौहान सड़क के किनारे स्थित अपने मकान में किराने की दुकान करता है। भानू के बड़े भाई रानू चौहान ने बताया कि बुधवार रात को घाट पर लक्ष्मी प्रतिमाओं का विसर्जन चल रहा था। लोगों की भीड़भाड़ होने की वजह से रात करीब 11:30 बजे तक दुकान खुली रही। इसके बाद दुकान में ताला लगाकर भानू घर आ रहा था। रास्ते में पट्टीदारी दुल्लुर चौहान अंधेरे में छिपकर बैठा था। भानू के उधर से गुजरते ही अपशब्द कहने लगा। मना करने पर चाकू से वार करने लगा। एक वार हाथ में लगा तो भानू जान बचाकर भागा।
दुल्लुर ने दौड़ाकर उसकी पीठ पर भी एक वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी होते ही परिवार व मोहल्ले के लोग पहुंचे और घायल भानू को जिला अस्पताल ले गए। कोतवाल विनय कुमार पाठक ने बताया कि घायल की मां राधिका देवी ने तहरीर दी है। दुल्लूर चौहान निवासी मूड़घाट पर केस दर्ज किया गया है। घायल के भाई के मुताबिक करीब दो साल पहले भानू और दुल्लुर में कुछ कहासुनी हुई थी।