बभनान रेलवे स्टेशन पर सात फरवरी को हुई घटना
महाराष्ट्र से गोरखपुर तक छानबीन कर रही जीआरपी व सर्विलांस टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सोनहा थाना क्षेत्र के असनहरा निवासी शिवदास गुप्ता की कुशीनगर एक्सप्रेस में बैग से 48 तोले का जेवरात व नकदी चोरी हो गई। यात्री ने इसकी शिकायत रेल मंत्री, मुख्यमंत्री व रेलवे के उच्चाधिकारियों से की है। जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक एमपी चतुर्वेदी के अनुसार, मुंबई से गोरखपुर तक टीमें मामले की जांच कर रही हैं। सर्विलांस टीम की भी मदद ली जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, शिवदास ने सात फरवरी को कुशीनगर एक्सप्रेस के एसी कोच से मुंबई के थाणे स्टेशन से बस्ती आने के लिए रवाना हुए। बभनान रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद 5-6 बदमाश पहुंचे और वाद-विवाद में उलझाए रखा। यात्री को जब उनकी बातों पर संदेह होने लगा तो उसने उनका फोटो लेने का प्रयास किया, लेकिन एक ही व्यक्ति की तस्वीर ले सका। कुछ देर बाद वह सभी भाग कर दूसरे डिब्बे में चले गए।
बदमाशों के जाने के बाद जब शिवदास ने अपना बैग खोल कर देखा तो उसमें डिब्बे में शादी के लिए रखे गए करीब 45 से 48 तोले सोने व हीरे के आभूषण व 30 हजार रुपये नकब गायब थे। उसने इसकी शिकायत मोबाइल फोन से रेलवे के उच्चाधिकारियों से की तो उन्होंने बस्ती जीआरपी थाने पर जाकर शिकायत करने की सलाह दी गई।
जीआरपी थाने पर पहुंचने पर केस दर्ज कर लिया है, लेकिन अब तक जीआरपी बदमाशों का पता लगा पाई है। जीआरपी इंस्पेक्टर एमपी चतुर्वेदी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित के सदमे में होने के कारण वह घटनास्थल का सही लोकेशन नहीं बता पा रहा है। सर्विलांस के अलावा अन्य टीमें मुंबई से गोरखपुर तक लगी हुई हैं। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।