एक से तीन दिसंबर तक विद्या संस्कार पब्लिक स्कूल मिर्जापुर में जुटेंगे बाल वैज्ञानिक
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जनपद के तीन बाल वैज्ञानिक राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में अपने प्रोजेक्ट का प्रदर्शन करेंगे। इस वर्ष यह आयोजन एक से तीन दिसंबर तक विद्या संस्कार पब्लिक स्कूल मिर्जापुर में होगा।
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक डॉ. सर्वेष्ट मिश्र ने बताया कि तीनों बाल वैज्ञानिकों का चयन 30 अक्तूबर को सरस्वती विद्या मंदिर रामबाग में आयोजित जनपद स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में उनके प्रोजेक्ट प्रस्तुतीकरण के आधार पर राज्य चयन समिति ने किया है। इस वर्ष की राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में सरस्वती विद्या मंदिर रामबाग के प्रखर पांडेय, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा जागृति गोस्वामी तथा ओमनी इंटरनेशनल स्कूल के छात्र राजन यादव शामिल होंगे।
ये तीनों विद्यार्थी अब पूरे प्रदेश के बाल वैज्ञानिकों तथा वैज्ञानिकों के समक्ष राज्य स्तर पर होने वाले प्रतियोगिता में अपने प्रोजेक्ट का प्रदर्शन करेंगे। चयनित विद्यार्थियों को जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश शुक्ला ने आदेश जारी कर समय से प्रतियोगिता में शामिल होने के निर्देश दिए हैंं।