39 लाख रुपये से होगी पालिका के 53 वाहनों की सुरक्षा
- नगर पालिका परिसर में शुरू हुआ पार्किंग का निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। नगर पालिका प्रशासन अपने कार्यालय परिसर में वाहनों को सुरक्षित रखने के लिए 39 लाख रुपये खर्च कर पार्किंग का निर्माण करवा रहा है। पार्किंग निर्माण होने से सही ढंग से वाहन खड़ा हो सकेंगे।
नगर पालिका परिषद में कुल 53 छोटे-बड़े वाहन हैं। इनके लिए कोई इंतजाम न होने के कारण वाहन ठीक कार्यालय के सामने आंबेडकर पार्क के चारो तरफ बेतरतीब खड़े होते हैं। लिहाजा दफ्तर पहुंचने वाले आवेदकों व फरियादियों को इन वाहनों के बीच संकरे रास्ते से आवागमन करने की मजबूरी हो जाती है।
यही नहीं यहां निवास करने वाले कर्मचारी व अधिशासी अधिकारी भी अपने आवासों तक पहुंचने के लिए कुछ इसी तरह के रास्तों का प्रयोग करते हैं। यह स्थिति दशकों पहले स्थापित इस कार्यालय में शुरू से ही बनी हुई है। यहां सबसे विकट स्थिति उस समय हो जाती है, जब अचानक किसी वाहन को परिसर से बाहर निकलना होता है। तब बड़ी मशक्कत के बाद ही उन्हें रास्ता मिलता है।
इसी को लेकर कई बार वाहन चालकों में झड़प भी हो चुकी है। इधर पिछले बोर्ड की बैठक में पालिका प्रशासन ने इसके लिए 39 लाख रुपये का बजट स्वीकृत कर पार्किंग भवन का निर्माण कराने का निर्णय लिया तो अब इसका निर्माण शुरू हो चुका है। इससे अब पूरा परिसर खाली रहेगा और नागरिकों को दफ्तर के पटलों तक पहुंचना आसान हो जाएगा।
नए साल में तैयार मिलेगा पार्किंग भवन
अधिशासी अधिकारी दुर्गेश्वर त्रिपाठी ने बताया कि पार्किंग भवन का निर्माण शुरू करवा दिया गया है। इसे जल्द से जल्द पूरा करने के लिए टीम लगाई गई है और नए साल में इसे चालू करवा दिया जाएगा।