बस्ती। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग ओबीसी मोर्चा की राष्ट्र व्यापी परिवर्तन यात्रा रविवार को बस्ती पहुंची। प्रेस क्लब सभागार में जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रेम नंदबंशी की अगुवाई में यात्रा में शामिल लोगों का फूल मालाओं से स्वागत किया गया।
मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी विकास पटेल ने कहा कि देश में पशु पक्षियों तक की जनगणना हो रही है। किंतु केंद्र की भाजपा सरकार राजनीतिक कारणों से जातीय जनगणना नहीं कराना चाहती। बिहार की सरकार ने जनगणना शुरू की, उसे रोकवा दिया गया। कहा कि संसाधनों पर समान अधिकार समय की मांग है, पिछड़ा वर्ग की घोर उपेक्षा नहीं की जाएगी। जानबूझकर पिछड़ा वर्ग को आरक्षण तक का लाभ नहीं दिया जा रहा है। जिससे पिछड़े वर्ग के युवा सरकारी नौकरियों से वंचित हो रहे हैं। इसको लेकर ओबीसी मोर्चा लगातार संघर्ष कर रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ओमवीर वर्मा ने कहा कि किसानाें को हर हाल में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का लाभ दिलाया जाए। केवल नारा लगाने से किसानों की आय दोगुनी नहीं होगी, इसके लिए नीतियों में परिवर्तन करना होगा। इस मौके पर प्रदीप ठाकुर, हृदय गौतम, बुद्ध प्रिय पासवान, बुद्धेश राना, दया निधि आनंद, आरके आरतियन, विनय कुमार, दुर्गेश कुमार मौजूद रहे।