नगर बाजार। ग्राम पंचायतों में कार्यरत पंचायत सहायकों ने सोमवार को सात सूत्री मांगों को लेकर सीडीओ को ज्ञापन सौंपा। इसमें ग्राम सचिवालयों में आधार सेंटर स्थापित कराने, विभागीय आईडी कार्ड जारी करने और कार्यों के लिए मोबाइल फोन उपलब्ध कराने की मांग की गई। पंचायत सहायकों ने ग्राम सचिवालयों में बिजली, इंटरनेट और फर्नीचर जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, जर्जर व विवादित पंचायत भवनों की समस्याओं का समाधान करने तथा प्रत्येक माह की चार तारीख तक मानदेय भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग उठाई। इसके अलावा कार्यों और बैठने का रोस्टर निर्धारित कर लिखित जानकारी देने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उपाध्यक्ष प्रियंका शुक्ला, संदीप कुमार, सुनील कुमार गुप्ता, श्यामू निषाद, संजय मौर्य, अमरजीत मौजूद रहे। संवाद