अयोध्या-बस्ती फोरलेन के किनारे छावनी थाना क्षेत्र के शंकरपुर में बिरयानी की एक दुकान पर लगे होर्डिंग को लेकर मंगलवार देर रात मारपीट हो गई। इसमें हिंदूवादी नेता गोविंद दास गंभीर रूप से घायल हो गए, उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि होर्डिंग पर पाकिस्तान के झंडे की तरह हरे रंग के बैकग्राउंड पर चांद-सितारा बना हुआ था। आरोप है कि इसे लेकर सवाल उठाए जाने पर दुकानदार और उसके समर्थकों ने हमला कर दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने पुलिस को बताया कि बजरंग दल के जिलाध्यक्ष मनमोहन त्रिपाठी, गोविंद दास और अन्य साथी मंगलवार की रात अयोध्या से लौट रहे थे। इसी दौरान शंकरपुर में बिरयानी की दुकान पर लगा होर्डिंग दिखा। दरअसल, होर्डिंग पर पाकिस्तान के झंडे की तर्ज पर हरे रंग के बैकग्राउंड पर चांद-सितारा बना हुआ था।
आरोप है कि दुकानदार से यह होर्डिंग हटाने के लिए कहा गया तो उसने विवाद शुरू कर दिया। अखिलेश और मनमोहन समेत अन्य नेताओं का आरोप है कि विवाद की सूचना दिए जाने पर पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने तक आरोपी उग्र हो गए और मारपीट शुरू कर दी जिसमें गोविंद दास गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीन आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा लेकिन आरोप है कि दुकानदार के समर्थक उन्हें छुड़ा ले गए। छावनी थाने के प्रभारी जनार्दन प्रसाद ने बताया कि मौके पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। विवाद के बाद हिंदूवादी नेताओं का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ जिसमें वे विवाद के बारे में बताते दिखे।