विद्युत निगम कार्यालय परिसर में धरना देते संविदाकर्मी। संवाद
संविदाकर्मियों ने मालवीय रोड स्थित निगम कार्यालय पर किया धरना-प्रदर्शन
16 अप्रैल को त्रिपक्षीय वार्ता के बाद होगा निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। 20 संविदा कर्मियों की सेवा समाप्त करने के विरोध में सोमवार को विद्युत संविदा कर्मी मालवीय रोड स्थित निगम कार्यालय में धरने पर बैठक गए। हालांकि, इनके आंदोलन से आपूर्ति पर कोई असर नहीं पड़ा। पावर कारपोरेशन निविदा-संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष रामसकल मौर्य ने कहा कि सेवा प्रदाता कंपनी 55 साल के कर्मियों को बाहर कर दे रही है। अब तक 20 संविदा कर्मियों को कंपनी निकाल चुकी है। इसका डटकर विरोध किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि निकाले गए कर्मियों को दोबारा काम पर रखने की मांग की जा रही है, लेकिन अधिकारी व कंपनी के प्रतिदिन इसके प्रति गंभीर नहीं हैं। ऐसे में यह कर्मी बेरोजगार घूम रहे हैं। कंपनी की ओर से ईपीएफ-ईएसआई का भी समुचित लाभ नहीं दिया जा रहा है। नियमानुसार एक कर्मी प्रतिदिन आठ घंटे 26 दिन ही काम करेगा। लेकिन उनसे 24 घंटे 30 दिन कार्य कराया जा रहा है। समय से मानदेय का भुगतान नहीं किया जा रहा है।
जब संविदाकर्मी इसका विरोध करते हैं तो उन्हें सेवा से हटाने की धमकी दी जाती है है। विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता राम बुझारत ने बताया कि सेवा प्रदाता कंपनी ग्लोबटेक क्रिएशंस के प्रतिनिधि को त्रिपक्षीय वार्ता के लिए 16 अप्रैल को बुलाया गया है। कर्मियों से धरना समाप्त करने का अनुरोध किया गया है। इस मौके पर नकुल चौधरी, अश्वनी कुमार सिंह, रमेश चंद्र चौधरी, शत्रुघन चौधरी, प्रवेश मिश्र, अभिषेक सिंह आदि मौजूद रहे।