उम्र पूरी कर चुकी आधा दर्जन बस रोडवेज बेड़े से बाहर
छह बसें कम होने से परिवहन निगम की आय प्रभावित हुई
अब निगम के बेडे़ में सिर्फ 88 बस है
बस्ती। परिवहन निगम में बसों की यूं पहले से ही कमी है, मगर अब एक बार फिर निगम के बेडे़ से छह बसों को बाहर किया गया है। क्योंकि यह सभी बस अपनी उम्र पूरी कर चुकी थीं। ऐसे में अब निगम के पास केवल 88 बस शेष है। इसके चलते निगम की आय प्रभावित हुई है। निगम की आय में करीब सवा लाख रुपये की कमी आ गई है।
परिवहन निगम में कुल 94 बस विभिन्न रूटों पर संचालित होती हैं। इनमें छह बस ऐसी पाई गईं हैं जे दस वर्ष अथवा 12 लाख किमी से अधिक चल चुकी हैं। ऐसे में उम्र पूरी कर चुकी इन बसों के संचालन पर निगम प्रबंधन ने रोक लगा दिया है। अधिकारियों की मानें तो इन बसों को जल्दी ही मुख्यालय को भेज दिया जाएगा, वहां से नई बसों के लिए स्वीकृति मिलेगी।
---
उम्र पूरी कर चुकी बसों का रोका गया संचालन
क्षेत्रीय सहायक प्रबंधक आयुष भटनागर ने बताया कि उम्र पूरी कर चुकी बसों का संचालन रोक दिया गया है। उनके स्थान पर नई बसों की मांग मुख्यालय को भेजी गई है। जो बस तकनीकी खराबी के चलते सड़क पर नहीं हैं उनकी मरम्मत कराकर जल्द ही उन्हें सड़क पर संचालन के लिए उतार दिया जाएगा। कहा कि अनुबंधित बसों संख्या बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सेवा दी जा सके।