एक मामले में शिकायत मिलने पर बैंक और साइबर पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। साइबर अपराध के चौकाने वाले मामले सामने आ रहे हैं। अपराधी बिना ओटीपी या लिंक भेजे ही खाते से रकम उड़ा रहे हैं। ऐसे तीन मामले इसी हफ्ते सामने आ चुके हैं। इनमें एक मामले में पुलिस से शिकायत की गई है। बैंक से शिकायत करने पर बैंक पल्ला झाड़ लेते हैं।
पुलिस भी हैरान है। किसी के साथ ओटीपी या किसी लिंक पर क्लिक करने के लिए अक्सर मना किया जाता है। इसे लेकर साइबर पुलिस के अलावा भारतीय रिजर्व बैंक भी बार-बार सतर्क रहने के लिए कहता है। हालांकि, तब क्या करें जब बिना किसी लिंक पर क्लिक किए या फिर फोन में ओटीपी न आने पर बैंक खाते से पैसे उड़ जाएं। ऐसा ही वाकया सोनहा थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी उमेश श्रीवास्तव के साथ हुआ। जिसकी थाने और साइबर क्राइम सेल में ऑनलाइन शिकायत की गई है।
उमेश ने बताया कि उनका पीएनबी शाखा राम नगर में खाता है। उस खाते में एक लाख रुपये की क्रेडिट लिमिट है। 17 मार्च को सुबह करीब 8:30 बजे अचानक उनके खाते से 50 हजार रुपये कट गए। इसका मैसेज आया तो हैरान रह गए। कुछ समझ पाते कि चार मिनट बाद 50 हजार रुपये फिर कट गए। करीब डेढ़ घंटे बाद फिर 10 हजार रुपये कट गए। बैंक से जानकारी लेने पर पता चला कि उसके खाते से नेट बैंकिंग के जरिए कुल 1.10 लाख रुपये निकाले गए हैं। उमेश बताते हैं कि कोई ओटीपी या लिंक नहीं आया था।
...
यूपीआई हैक करके निकाले रुपये
कलवारी पुलिस ने यूपीआई आईडी हैक करके एक लाख तीन हजार रुपये निकाल लेने के मामले में अज्ञात पर केस दर्ज किया है। इस संबंध में कलवारी क्षेत्र के कुसौरी निवासी मसीहुद्दीन ने तहरीर देकर बताया कि 19 मार्च 2023 को सुबह 7-01 बजे उसकी यूपीआई आईडी हैक करके दो खातों से कुल एक लाख तीन हजार सात सौ सत्तर रुपये निकाल लिए गए। पुलिस केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश कर रही है।
...
मुंबई में पकड़ा गया था हैकर
साइबर थाने की टीम 16 मार्च को मुंबई से एक ऐसे हैकर को मुंबई से गिरफ्तार किया था जो ट्रेडिंग के नाम पर 27 लाख रुपये का फ्राड किया था। ऑनलाइन चैट के माध्यम से हैकर मनीष खातेदार मोहित पांडेय के संपर्क में आया। उसने विश्वास में लेकर ट्रेडिंग से रुपये कमाने का प्रलोभन दिया। उनका ट्रेडिंग एकाउंट बनाकर आईडी पासवर्ड हासिल कर लिया। मोहित के खाते से 27 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए थे।
...
इन बातों का रखना चाहिए ख्याल
- अपने बैंक खाते का मैसेज नोटिफिकेशन जरूर ऑन रखना चाहिए।
- किसी के साथ भी यूपीआई का लिंक, क्यूआर कोड या यूपीआई आईडी साझा न करें।
- ऑनलाइन फ्रॉड होने पर तुरंत साइबर पुलिस को शिकायत करें।