बस्ती। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट उमेश यादव ने भारतीय स्टेट बैंक के मुंडेरवा शाखा के तत्कालीन फील्ड ऑफिसर पर मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। थानाध्यक्ष मुंडेरवा को मुकदमा दर्ज कर अदालत को अवगत कराना होगा।
हरिराम चौधरी निवासी ग्राम भिटहा थाना मुंडेरवा ने राम सुरेश वर्मा एडवोकेट के माध्यम से न्यायालय में एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया। इसमें कहा कि वह भारतीय स्टेट बैंक की मुंडेरवा शाखा में किसान क्रेडिट कार्ड धारक हैं। उन्होंने जो ऋण लिया था, उसे जमा भी कर दिथा। तब तत्कालीन फील्ड अफसर प्रशांत कुमार ने कहा कि नया केसीसी बना देंगे, जिससे भविष्य में ज्यादा फायदा होगा। उनके कहने पर शिकायतकर्ता ने कई जगह हस्ताक्षर कर दिए। कुछ दिनों बाद शिकायतकर्ता के मोबाइल पर मैसेज आया कि उसके खाते से विभिन्न तिथियों में 17 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। खाते से 20 मार्च 2018 को 7 हजार रुपये और 21 मार्च को 10 हजार रुपये निकाले गए हैं। शिकायतकर्ता ने फील्ड आफिसर के खिलाफ अदालत में अर्जी दी। न्यायालय ने इस मामले में मुंडेरवा पुलिस को तत्कालीन फील्ड आफिसर प्रशांत कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर विवेचना का आदेश दिया है।