गोसैसीपुर कांड: तीन शर्तों पर अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए परिजन
सरयू के नौरहनी घाट पर तीसरे दिन हुआ शव का अंतिम संस्कार
कलवारी थाने के गोसैसीपुर में शनिवार को हुआ था खूनी संघर्ष
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पूरी रात मान-मनौवल के बाद कलवारी थाने के गोसैसीपुर में हुए खूनी संघर्ष में जान गंवाने वाले राम मिलन के शव का तीसरे दिन सोमवार को सरयू नदी के नौरहनी घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। राम मिलन की पत्नी ने प्रशासन के सामने तीन मांगें रखीं, जिसमें घर की चहारदीवारी बनवाने, घायल बेटे का ढंग से इलाज कराने और बंजर में बने आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलवाने की मांग शामिल है। एसडीएम गुलाब चंद्र ने बताया कि नायब तहसीलदार कुदरहा के नेतृत्व में राजस्व टीम बना दी गई है। यह टीम पूरे गांव की पैमाइश करेगी। जहां भी ग्राम पंचायत की भूमि पर अनधिकृत कब्जा पाया जाएगा, उसे खाली कराया जाएगा। गांव में अब भी तनाव व्याप्त है। लोगों में आरोपियों के खिलाफ जबरदस्त गुस्सा है।
जानकारी के अनुसार, आबादी की जमीन को लेकर कलवारी थाना क्षेत्र के गोसैसीपुर में शनिवार को खूनी संघर्ष हुआ था। घटना में जान गंवाने वाले राम मिलन चौधरी के शव का रविवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद कलवारी चौराहे पर शव रखकर जाम लगाने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए थे। इसकी भनक लगते ही पुलिस सतर्क हो गई और शव वाहन को चौराहे पर बिना रोके सीधे गांव में पहुंचा दिया गया। ग्रामीणों की भीड़ वहां भी पहुंच गई और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। सूचना पर एसडीएम गुलाब चंद्र पहुंचे।
...
आरोपियों के खिलाफ लोगों में गुस्सा
पुलिस की छानबीन में पाया गया कि गांव और क्षेत्र के लोगों में मुख्य आरोपी हरिशंकर व उसके कुछ अन्य सहयोगियों के खिलाफ जबरदस्त गुस्सा है। लोगों का कहना है कि इन लोगों ने एक राजनैतिक दल का नाम लेकर पूरे क्षेत्र में आतंक मचा रखा है। आरोप है कि यह लोग वैचारिक आधार पर युवाओं को भड़काकर एक गिरोह बना रखे हैं। जो अक्सर किसी न किसी से उलझते रहते हैं। एससी-एसटी केस के डर से लोग उनसे भयभीत रहते हैं।
...
22 आरोपियों में सिर्फ पांच गिरफ्तार
हत्याकांड में शामिल फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मगर, पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो पाई है। जबकि हरिशंकर, सूर्य प्रकाश उर्फ जगलर, रामदास, अंगद, चंदन, मनोज, राज, उदयशंकर उर्फ सोनू, राम नरेश, सचिंद्र, बदरे आलम निवासी गोसैसीपुर और 10-12 लोग नाम-पता अज्ञात पर हत्या, बलवा, हत्या का प्रयास, सेवन क्रिमिनल लॉ अमेडमेंट सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज है। उनमें से मुख्य आरोपी हरिशंकर उर्फ रावण के अलावा मनोज, सूर्य प्रकाश उर्फ जगनरेश, वीरेंदद्र कुमार और बदरे आलम निवासी गोसैसीपुर की गिरफ्तारी हो जा चुकी है। अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बताया कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
...
यह है घटनाक्रम
गोसैसीपुर निवासी राम मिलन चौधरी का गांव के ही हरिशंकर उर्फ रावण आदि से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। घर का प्लास्टर हो रहा था। शनिवार को दोपहर मजदूरों के खाना खाने की छुट्टी होने पर राम मिलन, बेटा विशाल और बहन माला घर पर मौजूद थी। दोपहर करीब 1:30 गांव के 20-22 लोग कुल्हाड़ी, लाठी-डंडा, फरसा आदि लेकर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि उन लोगों ने विशाल को दौड़ा लिया। फरसे से वार करके उसके पैर का हिस्सा कट गया। शोर सुनकर विशाल के पिता राम मिलन और बुआ माला दौड़कर पहुंचे। हमलावरों ने उन दोनों पर भी वार कर दिया। 56 वर्षीय राम मिलन और विशाल के पैर, पेट, कंधे व शरीर के अन्य हिस्से पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। तीनों घायलों को सीएचसी कुदरहा ले जाया गया, जहां राम मिलन को मृत घोषित कर दिया गया। विशाल और उसकी बुआ को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। विशाल को रेफर करके मेडिकल काॅलेज लखनऊ भेजा गया है।