प्राण प्रतिष्ठा का दिन नजदीक आते ही बाजार में राम से जुड़े उत्पाद की मांग बढ़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाली श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर ऑनलाइन बाजार भी राममय हो गए हैं। जैसे-जैसे दिन नजदीक आ रहा है, राम और अयोध्या से जुड़े सामान की डिमांड बढ़ रही है। ऑनलाइन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा से लोगों में जबरदस्त उत्साह दिख रहा है। प्राण प्रतिष्ठा के दिन आम लोगों को अयोध्या नहीं पहुंचने की अपील की गई है, इसलिए लोग घर पर ही इस आयोजन को यादगार बनाने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए लोग घर बैठे प्रभु श्रीराम से जुड़े उत्पाद मंगा रहे हैं। सबसे ज्यादा मांग राम दरबार और अयोध्या मंदिर के मॉडल की है। यह मॉडल लकड़ी, पीतल, प्लास्टिक व स्टोन आदि से बने हैं। इनके अलावा झंडे, तस्वीरों की भी काफी मांग है। श्रीराम दरबार के सिक्के व टी- शर्ट की मांग श्रीराम दरबार वाले सिक्के भी लोग घर बैठे मंगवा रहे हैं। इन सिक्कों की कीमत एक हजार के आसपास है। राम नाम की रंग-बिरंगी टीशर्ट भी लोगों को खूब भा रही है।
वही लोग किसी के जन्मदिन या अन्य आयोजनों में भी राम दरबार व राम मंदिर मॉडल उपहार में दे रहे हैं। गिफ्ट आइटम के कारोबार से जुड़े अमर गुप्ता बताते हैं कि इन दिनों राममंदिर और राम दरबार की मांग काफी बढ़ गई है। लकड़ी के राम मंदिर मॉडल की मांग ज्यादा है। इसका छोटा मॉडल पांच इंच और बड़ा आठ इंच का है। इसकी कीमत लगभग तीन सौ रुपये से शुरू है
श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर दिवाली की तर्ज पर ऑनलाइन बाजार में माहौल बना हुआ है। राम दरबार, राम मंदिर मॉडल, पीतल की मूर्तियां, दीये आदि की काफी मांग है।
सरदार हरि सिंह, ऑनलाइन मार्केट एक्सपर्ट
-
ऑनलाइन बाजार में सब कुछ मिल रहा है। राम दरबार, मंदिर, टीशर्ट आदि ऑनलाइन मंगाए हैं। समय का अभाव व ठंडक के कारण बाजार जाना संभव नहीं है। इसलिए जरूरी सामान ऑनलाइन ही मंगा ले रहे हैं।
उमेश श्रीवास्तव, ग्राहक