कोविड के कारण महाविद्यालय चलाएंगे ऑनलाइन कक्षाएं
बस्ती। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालय कोविड के चलते 16 तक बंद कर दिए गए हैं। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने महाविद्यालयों को ऑनलाइन पठन- पाठन संपन्न कराने की अधिसूचना जारी किया है। हालांकि बंद के दौरान पूर्व निर्धारित आंतरिक मूल्यांकन परीक्षाएं चलती रहेंगी। कोरोना संक्रमण के मामलों में आए दिन इजाफा हो रहा है। संक्रमण से बचाव के उपाय कारगर साबित नहीं हो रहे हैं। संक्रमण के मामलों को देखते हुए शासन ने सभी विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों बंद करने का निर्णय लिया है। शासनादेश के अनुपालन के क्रम में 10 से 16 तक सभी महाविद्यालयों की कक्षाएं बाधित रहेंगी। इस अवधि में छात्रों को ऑनलाइन माध्यमों के सहारे पठन-पाठन कार्य संपन्न कराया जाएगा। पूर्व निर्धारित परीक्षाएं या अन्य शैक्षणिक कार्यक्रम कोविड मानक के अनुरूप संपन्न कराए जाएंगे।