बिजली सेवा एवं जनसंपर्क अभियान के तहत सर्किट हाउस में हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सर्किट हाउस में बिजली सेवा एवं जनसंपर्क अभियान के तहत बृहस्पतिवार को अधिकारियों व जन प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें जनप्रतिनिधियों ने जमकर विद्युत निगम के अफसरों पर भड़ास निकाला। जन प्रतिनिधियों ने यहां तक कह दिया कि विद्युत निगम के अभियंता बेलगाम होकर काम कर रहे हैं। संविदा कर्मी बिना रुपये लिए फाल्ट दुरुस्त नहीं करते हैं। अधिकारी खामोश होकर उन्हें सुनते रहे।
बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने की। बभनान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रबल मालानी ने कहा कि ट्रांसफाॅर्मर क्षमता वृद्धि और जर्जर तार बदलने के लिए शासन ने धनराशि जारी कर दी है। इसके बावजूद काम नहीं हो रहा है। यह सरकार की मंशा के खिलाफ है। अधिकारी सरकार की छवि खराब करने पर तुले हुए हैं। नगर पंचायत हर्रैया के अध्यक्ष कुंवर कौशलेंद्र प्रताप सिंह उर्फ राजू सिंह ने कर्मियों पर कई गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि सिसई, करमडाड़ में ट्रांसफाॅर्मर खराब हुए चार दिन हो गए। अवर अभियंता से इसे बदलने को कहा गया तो अशोभनीय जवाब देने लगे। विद्युत वितरण खंड हर्रैया के अफसर व कर्मी बेलगाम होकर काम कर रहे हैं। सीयूजी नंबर बंद रहता है। नगर पंचायत नगर बाजार के अध्यक्ष के प्रतिनिधि दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि फाल्ट दुरुस्त करने के लिए संविदा कर्मी मुंह मांगा रुपये लेते हैं। बिना रुपये लिए अवर अभियंता से लेकर कर्मी तक कोई काम करने को तैयार नहीं है।
नगर पालिका परिषद बस्ती के अध्यक्ष के प्रतिनिधि अंकुर वर्मा ने कहा कि शहर में 100-200 मीटर तक केबल दौड़ाकर कनेक्शन दिया गया है। बांस-बल्ली के सहारे दौड़ाए गए तार नागरिकों के लिए खतरा हैं। हर्रैया विधायक के प्रतिनिधि सरोज बाबा ने ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता वृद्धि की मांग की। बैठक का संचालन सांसद के प्रतिनिधि जगदीश शुक्ल ने किया। इस मौके पर अधीक्षण अभियंता रामदास, अधिशासी अभियंता मनोज कुमार सिंह, महेंद्र मिश्रा, ज्ञान प्रकाश, अमित कुमार, अमरेश कुमार श्रीवास्तव, राम इकबाल आदि मौजूद रहे।