बिजली के खंभे से टकराई कार, प्रॉपर्टी डीलर की मौत
- कोतवाली क्षेत्र के बड़ेवन के पास हुआ हादसा
- गौर थाना क्षेत्र के महुआडाबर के रहने वाले थे विनय उर्फ अन्नू
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती/बभनान। शहर कोतवाली के बड़ेवन फ्लाईओवर के पास सोमवार रात कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे बिजली के खंभे से जा टकराई।
कार में सवार प्रॉपर्टी डीलर की गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल से रेफर होने के बाद परिवार के लोग लखनऊ ले जा रहे थे। रास्ते में ही विनय कुमार सिंह उर्फ अन्नू की मौत हो गई।
गौर थाना क्षेत्र के महुआडाबर गांव निवासी विनय कुमार सिंह उर्फ अन्नू (40) पुत्र कृष्ण कुमार सिंह शहर के आवास विकास में मकान बनाकर रहते थे। वह प्रॉपर्टी डीलर का काम करते थे। सोमवार देर रात अपनी कार से बस्ती आ जा रहे थे। कोतवाली थाना क्षेत्र के पटेलनगर चौकी अंतर्गत बड़ेवन के पास उनकी कार डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित हो गई और एक बिजली के खंभे से जा टकराई।
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर कोतवाली थाने के पटेल नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। आनन-फानन में अन्नू को जिला अस्पताल बस्ती पहुंचाया। घटना की सूचना परिवार वालों को दी। जिला अस्पताल से चिकित्सक ने लखनऊ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर लखनऊ जा रहे थे। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली संजय कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मंगलवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर परिवार के लोग गांव पहुंचे।