ट्रेन से कटकर हिरण की मौत, दूसरा कुत्तों के हमले से घायल
बभनान/बस्ती। गौर थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग जगहों पर दो हिरण घायल अवस्था में पाए गए जिसमें से एक की मौत हो गई। जबकि, दूसरे का इलाज बभनान से पहुंचे पशु चिकित्सक कर रहे हैं। रविवार को गौर थाना क्षेत्र के बढ़या गांव में भटक कर पहुंचे हिरन पर कुत्तों ने हमला कर दिया। इसी बीच वहां मौजूद पंकज सिंह कृष्ण कुमार सिंह, वैभव, रामसिद्ध, डब्लू आदि की नजर हिरण पर पड़ी तो वे कुत्तों को वहां से भगाया। इसमें हिरण गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मी डॉक्टर को बुलाकर उसका इलाज कराया। बाद में वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई व घायल हिरण को जंगल में छोड़ने के लिए अपने साथ ले गए। वहीं, गौर ओवरब्रिज के निकट ट्रेन की ठोकर से एक हिरण गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम अभी उसके इलाज का इंतजाम करती, इसके पहले ही उसने दम तोड़ दिया। वन दरोगा हरिओम पांडेय ने बताया कि मृत हिरण को दफना दिया गया।