बस्ती। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ की ओर से ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, (संवर्ग क) एवं समाज कल्याण पर्यवेक्षक (सामान्य चयन) प्रतियोगितात्मक परीक्षा 2018 की पुनर्परीक्षा 26 केंद्रों पर मंगलवार को दूसरे दिन भी कराई गई। दोनों पालियों में पंजीकृत कुल 22704 अभ्यर्थियों में से 13151 ने परीक्षा छोड़ दी। केवल 9553 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए।
सकुशल परीक्षा कराने के लिए 9 जोनल और 26 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। इसके लिए परीक्षा एजेंसी के तकनीकी जानकार प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर अलग से मुस्तैद रहे। जनपद के आला अफसर भी इस परीक्षा का जायजा लेते रहे। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक कराई गई। इसमें पंजीकृत 11352 में से 4685 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जबकि 6667 अभ्यर्थी अनुपस्थित हो गए। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा 3 से 5 बजे तक कराई गई। इसमें पंजीकृत 11352 में से 4868 लोग परीक्षा शामिल हुए। 6484 अभ्यर्थी अनुपस्थित हो गए। परीक्षा के दौरान अधिकारी केंद्रों का भ्रमण करते रहे।