ट्रेन की चपेट में आकर बुजुर्ग की मौत
गौर। थाना क्षेत्र के टिनिच रेलवे स्टेशन के निकट ट्रेन की चपेट में आने से शनिवार को एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस ने शव की शिनाख्त कर सूचना परिजनों को दी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के चलते थोड़ी देर के लिए ट्रेनों का आवागमन भी प्रभावित हुआ। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि जिले के कप्तानगंज थानांतर्गत दुबौला चौकी क्षेत्र के कोइलपुरा निवासी राममिलन पाठक (80) पुत्र उदयराज पाठक शनिवार को घर से दवा कराने के लिए निकले थे। उन्हें दांत में कुछ समस्या थी। दोपहर में वह टिनिच स्टेशन पर पहुंचे थे। इसी दौरान वे प्लेटफार्म के पश्चिमी छोर के सामने ट्रैक जा पहुंचे। यहां से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की।