ट्रक की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला की मौत
सिकंदरपुर (बस्ती)। परशुरामपुर थानाक्षेत्र के चौबीसवा जगदीशपुर तिराहे पर बृहस्पतिवार देर रात अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। महिला का क्षत-विक्षत शव पुलिस को समेटने में मशक्कत करनी पड़ी। मृतका सावित्री देवी की बेटी किरण का कहना है कि छह महीने पहले उनके पिता पुत्तीलाल की मौत हो गई थी। तब से वह अकेली चौबीसवा जगदीशपुर तिराहे पर रहती थीं। वहां से कुछ ही दूरी पर सावित्री के दामाद भरत चंद सोनी रजाई गद्दे का कारखाना चलाते हैं। जहां सावित्री देवी भी काम में हाथ बंटाती थीं। बृहस्पतिवार रात वह किसी काम से अपने सड़क पर स्थित मकान पर गई थीं। किरन के अनुसार उनकी माता ने फोन करके बताया था कि खाना खाने आ रही हैं। इसके कुछ ही देर बाद दुर्घटना की सूचना मिली। प्रभारी निरीक्षक आलोक सोनी का कहना है कि मृतका के दामाद भरत चंद सोनी की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है।