कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम प्रियंका निरंजन अधिकारियों के साथ बैठक की।
बस्ती। मुख्यमंत्री के प्राथमिकता के 37 विकास कार्यक्रमों, मुख्यमंत्री आवास, अमृत सरोवर तथा आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाएं। बरसात को देखते हुए सभी गोशालाओं में भूसा की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित किया जाए।
ये निर्देश डीएम प्रियंका निरंजन ने दिए हैं। वह मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रमों के प्रगति की समीक्षा कर रही थीं। गौर के कठौतिया, बनकटी के सिरौता में गोशाला स्थलों पर गोबर गैस प्लांट की धीमी प्रगति डीएम ने नाराजगी जताई। निर्देश दिया कि बरसात से पहले निर्माण पूरा कर लिया जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास के अंतर्गत 55 लाभार्थियों को अभी दूसरी किश्त नहीं दी गई है। इनकी धनराशि शीघ्र अवमुक्त कराएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक ब्लॉक में 50-50 आवेदन पत्र आमंत्रित किया जाएं। इसमें किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निर्देश दिया कि वह स्वयं तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी 25 मई से विकास परियोजनाओं का निरीक्षण शुरू करेंगे। इस मौके पर सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, एडीएम कमलेश चंद्र, सीएमओ डॉ. आरपी मिश्रा, डीडीओ अजीत श्रीवास्तव, पीडी कमलेश सोनी आदि मौजूद रहे।