बस्ती। प्रचार- प्रसार के अभाव में मंगलवार के स्थान पर सोमवार को तहसील दिवस आयोजित होने से फरियादियों से अधिक अधिकारी नजर आए।
निर्धारित तहसील दिवस के स्थान पर एक दिन पहले आयोजित होने से फरियादी फरियाद करने नहीं पहुंच सके।
डीएम की अध्यक्षता वाले सदर तहसील दिवस में 92 अधिकारी मौजूद रहे, वहीं फरियादियों की संख्या मात्र 54 की रही। मौके पर निस्तारित होने वाले आवेदनों की संख्या भी कम रही। दिन बदलने के पीछे मंगलवार को आयोजित होने वाले समाजवादी विकास दिवस को कारण बताया गया।
सदर तहसील दिवस की अध्यक्षता कर रहे डीएम नरेंद्र सिंह पटेल ने पुलिस के सब इंस्पेक्टरों को आड़े हाथों लेते हुए उन्हें मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करने का निर्देश दिया। साथ लेखपाल रामसागर को चांदमारी की जमीन की पैमाइश कर वहां से कब्जा हटाने का निर्देश दिया।
अधिकारियों को शिकायतों का निस्तारण समय और गुणवत्तापरक करने निर्देश दिया। यहां पर कुल 54 मामले दर्ज हुए जिसमें मौके पर मात्र पांच का ही निस्तारण हुआ। इस मौके पर एसडीएम रामप्रसाद, नायब तहसीलदार अखिलेश सिंह, राजेश मिश्र, गिरजेशपाल मौजूद रहे।