फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब विद्यार्थी हर घर पहुंचाएंगे आयुर्वेद का महत्व

विज्ञापन
विज्ञापन
अब विद्यार्थी हर घर पहुंचाएंगे आयुर्वेद का महत्व
विज्ञापन

बस्ती। ‘हर दिन हर घर आयुर्वेद’ के तहत पूरे मंडल के तकरीबन ढाई हजार विद्यार्थी आयुर्वेद के महत्व पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। विजेताओं को निर्धारित पुरस्कार से सम्मानित कर प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा व आयुर्वेद विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। यानी अब विद्यार्थी हर घर आयुर्वेद का महत्व पहुंचाएंगे।
शासन व आयुर्वेद निदेशालय ‘हर दिन हर घर आयुर्वेद’ के तहत आयुष टीम को गांव-गांव और घर-घर भेजकर आयुर्वेदिक औषधियों व उनसे होने वाले लाभ के प्रति जागरूक करवा रहा है। इसी के तहत 11 अक्तूबर को जिला व 17 अक्तूबर को मंडल स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। ये दोनों प्रतियोगिताएं शहर के बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज में सुबह 11 बजे आयोजित होंगी।
विज्ञापन

‘मेरे दैनिक जीवन में आयुर्वेद’ विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में पूरे मंडल के 813 माध्यमिक विद्यालयों के कक्षा नौ से 12 तक के अधिकतम तीन विद्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे। इसके लिए क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वीके श्रीवास्तव के पत्र पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्यों को आवश्यक निर्देश जारी कर भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को शामिल कराने के लिए कहा है, ताकि अधिक विद्यार्थी इन प्रतियोगिताओं में शामिल हो सकें और अधिक घरों में आयुर्वेदिक दवाओं के महत्व की जानकारी दी जा सके।
जिला व मंडल स्तर पर मिलेगा पुरस्कार
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वीके श्रीवास्तव ने बताया कि भाषण प्रतियोगिता का मूल्यांकन दस अंकों का होगा। उनमें दो अंक विषय वस्तु, दो प्रस्तुतीकरण, दो व्यक्तित्व, दो आत्मविश्वास व दो अंक तीन मिनट के अंदर भाषण समाप्त करने के लिए दिया जाएगा। डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि जिला स्तर पर प्रथम विजेता को 5100, द्वितीय को 2100, तृतीय को 1100 रुपये बतौर पुरस्कार दिए जाएंगे।
विज्ञापन

इसके अलावा दो अन्य विजयी प्रतिभागियों को 501 रुपये सांत्वना पुरस्कार के तौर पर दिए जाएंगे। बताया कि वहीं मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम विजेता को 11 हजार, द्वितीय को 5100, तृतीय को 2100 व अन्य दो विजेताओं को 1100 रुपये सांत्वना पुरस्कार के तौर पर दिए जाएंगे। डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि इसके लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें