एचएमआईएस प्रणाली से जुड़ेंगे मेडिकल कॉलेज के लैब व पैथोलॉजी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मेडिकल कॉलेज के लैब और पैथोलॉजी को हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉरमेशन सिस्टम (एचएमआईएस) प्रणाली से जोड़ा जाएगा। इसके जरिये मरीज की सारी जानकारी ऑनलाइन फीड कर डॉक्टर के कंप्यूटर तक पहुंचेगी। जांच रिपोर्ट ऑनलाइन होने के बाद डॉक्टर अपने कंप्यूटर में देख सकेंगे। इसके अलावा मरीज को घर बैठे अपनी जांच रिपोर्ट प्राप्त हो जाएगी।
मेडिकल कॉलेज में ई-हॉस्पिटल मैनेजमेंट सिस्टम लागू कराई जा रही है। अब तक अस्पताल को एचएमआईएस प्रणाली से जोडा जा चुका है। सिर्फ लैब और पैथोलॉजी ही इससे अलग थे। इस व्यवस्था से अस्पताल के प्रबंधन, नेतृत्व, नेटवर्क, कार्यप्रणाली और प्रशासन में सुधार होगा। वहीं, मरीजों को यूनीक आईडी नंबर मिलने से उनसे जुड़ी सारी जानकारी अस्पताल के लैब व पैथाेलॉजी सेंटर में दर्ज होगी। एचएमआईएस का नोडल एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनिल कुमार यादव को बनाया गया है।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक संसाधनों को चाक-चौबंद किया जा रहा है।