नगर बाजार। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के मूड़घाट पुल से कुआनो नदी में कूदी 16 वर्षीय छात्रा अंजलि का दूसरे दिन शनिवार को भी पता नहीं चल सका। पुलिस और पीएसी की टीम गोताखोरों की मदद से तलाश करती रही। शाम 4:36 बजे तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद सफलता नहीं मिली। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के चीताही गांव निवासी अंजलि महिला महाविद्यालय में पढ़ती थी। शुक्रवार दोपहर करीब 1:45 बजे उसने वाल्टरगंज थाना क्षेत्र की गणेशपुर चौकी के अंतर्गत मूड़घाट पुल से कुआनो नदी में छलांग लगा दी थी। घटना के समय नदी में नहा रहे एक स्थानीय युवक ने छात्रा को डूबते देखा तो उसे बचाने के लिए नदी में पहुंचा। युवक के मुताबिक, उसने छात्रा को पकड़ने की कोशिश की तो डर के कारण उसने उसके दोनों हाथ कसकर पकड़ लिया। इससे युवक भी डूबने लगा।
किसी तरह खुद को छुड़ाकर वह बाहर निकल आया, लेकिन छात्रा को बचा नहीं सका। संवाद