प्लेटफार्म पर कोच गाइडेंस न होने से जानकारी के अभाव में यात्रियों की छूट जाती है ट्रेन
संवाद न्यूज एजेंसी
गौर। आदर्श रेलवे स्टेशन बभनान पर यात्री सुविधाओं का टोटा है। स्टेशन पर कई एक्सप्रेस ट्रेनों का भी ठहराव होता है। मगर, पूछताछ काउंटर व प्लेटफार्म पर कोच गाइडेंस की सुविधा न होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कभी-कभार जानकारी के अभाव में यात्रियों की ट्रेन छूट जाती है।
गोंडा व बस्ती की सीमा पर स्थापित बभनान रेलवे स्टेशन कहने को तो आदर्श का दर्जा प्राप्त है। मगर, स्टेशन पर यात्रियों सुविधाएं नसीब नहीं मिल पा रही हैं। स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव भी होता है। जहां आरक्षित व अनारक्षित टिकटों की बुकिंग होती है। मगर, ट्रेनों की जानकारी के लिए पूछताछ काउंटर की सुविधा नहीं है। प्लेटफार्म संख्या एक और दो पर कोच गाइडेंस न होने से यात्रियों को अपनी बोगी का पता नहीं चल पाता।
एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज दो मिनट का होता है। ऐसे में ट्रेन में बैठने के लिए यात्रियों को दौड़ लगानी पड़ती है। दौड़ने लगाने के चक्कर में कभी-कभार यात्री गिरकर चोटिल हो जाते हैं।जानकारी के अभाव में यात्रियों की ट्रेन छूट जाती हैं। स्टेशन पर यात्री प्रतीक्षालय कक्ष है, लेकिन उसमें ताला लगा रहता है। प्लेटफार्म संख्या दो पर दिव्यांग यात्रियों के जाने की सुविधा नहीं है और न ही सामुदायिक शौचालय है।
प्लेटफार्म संख्या एक पर पश्चिमी छोर पर यात्री छाजन, बेंच व पर्याप्त लाइट की सुविधा न होने से यात्रियों को रात में परेशानी उठानी पड़ती है। स्टेशन अधीक्षक भागीरथी प्रजापति ने बताया कि स्टेशन पर सबसे ज्यादा दिक्कत यात्रियों को पूछताछ काउंटर व प्लेटफार्म पर कोच गाइडेंस को लेकर होती है। यह दोनों सुविधा नहीं है। अन्य सुविधा यात्रियों को मिल रही है। पीडब्ल्यूआई एसबी सिंह ने बताया कि प्लेटफार्म संख्या एक पर बेंच की संख्या पर्याप्त है। यदि कुछ और बेंच की आवश्यकता है तो उसे जल्द लगवा दिया जाएगा। रही बात अन्य सुविधाओं की तो इसके लिए अलग-अलग विभाग के लोग की जिम्मेदारी होती है।
इन ट्रेनों का होता है ठहराव
बभनान रेलवे स्टेशन पर इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, बरौनी-ग्वालियर मेल, सत्याग्रह रक्सौल एक्सप्रेस, बरौनी-लखनऊ एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस के अलावा सप्ताह में बृहस्पतिवार को गुवाहाटी-जम्मू तवी एक्सप्रेस के साथ गोरखपुर-गोंडा पैसेंजर ट्रेन व गोरखपुर-अयोध्या पैसेंजर ट्रेन का ठहराव होता है।
...
कोट
आदर्श रेलवे स्टेशन बभनान पर रेल यात्रियों को सुविधा देने के लिए खाका तैयार किया जा रहा है। योजना के तहत कई कार्य प्रस्तावित हैं। स्टेशन पर ट्रेनों की संख्या को देखते हुए बहुत जल्द प्लेटफार्म पर कोच गाइडेंस और पूछताछ काउंटर की व्यवस्था कराई जाएगी।
पंकज कुमार सिंह, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर