पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन तैयार कर रहा स्पेशल ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। रेलवे प्रशासन ने होली पर ट्रेनो में होने वाली संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए तैयारी शुरू कर दी है। पूर्वोत्तर रेलवे में होली स्पेशल ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। मगर, अधिकतर एक्सप्रेस ट्रेनों में अप्रैल माह तक कंफर्म टिकट मिल पाना मुश्किल हो गया है। लोगों को वेटिंग टिकट का सहारा लेना पड़ रहा है। यदि वेटिंग टिकट कंफर्म नहीं हुआ तो यात्रियों का सफसर मुश्किल भरा हो जाएगा।
25 मार्च को होली त्योहार के चलते महानगरों से आने वाले यात्रियों को एक्सप्रेस ट्रेनों में कंफर्म टिकट नामुमकिन हो गया है। अधिकतर ट्रेनों में सीट फुल हो गई है। वहीं रेलवे बोर्ड की ओर से होली को देखते हुए दिल्ली, मुंबई, सूरत, अहमदाबाद, लुधियाना, अमृतसर, हैदराबाद जैसे शहरों में आने-जाने के लिए होली स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी चल रही है।
रेलवे स्टेशन के सीआरएस एके पाठक ने बताया कि वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस में 14 मार्च तक 115 से 128 तक वेटिंग चल रहा है। सत्याग्रह एक्सप्रेस में 24 मार्च तक 68, कुशीनगर में 56, अवध एक्सप्रेस में 48 व गोरखधाम एक्सप्रेस में 70 वेटिंग है। इसी तरह कुछ अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों में स्लीपर बर्थ में कंफर्म टिकट मिल पाना मुश्किल है। बताया कि होली के बाद जिन लोगों को वापस महानगरों में जाना है, वह भी अपना टिकट एसी कोच के अलावा स्लीपर में वेटिंग का टिकट करा रहे हैं।