कुदरहा। लालगंज थाना क्षेत्र के कुदरहा बाजार स्थित एएनएम के मकान के बगल में लावारिस हालत में नवजात मिला है। एएनएम ने शिशु को पीएचसी कुदरहा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसके स्वास्थ्य की जांच की। बच्चा स्वस्थ पाया गया। चिकित्सा प्रभारी डॉ. फैज वारिस ने मामले की सूचना लालगंज पुलिस को दी।
पीएचसी के उपकेंद्र बगही में तैनात एएनएम पार्वती अग्रहरि कुदरहा बाजार में किराए के मकान में रहती हैं। बुधवार की भोर में पार्वती का कुत्ता भौंकने लगा। उससे उनकी नींद खुल गई। चोर की आशंका में जब दरवाजा खोलकर वह बाहर आईं तो एक नवजात बच्चा कपड़े में लपेटा मिला। उन्होंने इसकी सूचना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. फैज को दी। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. फैज ने बताया कि सूचना लालगंज पुलिस को दे दी गई है।
शाम करीब पांच बजे पहुंची चाइल्ड हेल्प लाइन की टीम ने बच्चे को अपनी सुपुर्दगी में लिया। चाइल्ड हेल्प लाइन के पंकज कुमार ने बताया कि बच्चे को सीडब्ल्यूसी को बृहस्पतिवार को दे दिया जाएगा।