बस्ती। युवाओं को बेहतर नौकरी की चाह अब आसान होने वाली है। इसके लिए सेवायोजन विभाग ने नई रणनीति तैयार की है। अब युवाओं से उनके मनपसंद की नौकरी पूछी जाएगी। फिर उसी के अनुसार संबंधित क्षेत्र में उन्हें चयन का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा। रोजगार मेले में नौकरी उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पहले से बेहतर बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
विभाग अब कॉलेजों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की काउंसिलिंग कराएगा। इस दौरान उनसे एक प्रपत्र भी भरवाया जाएगा। इसमें उनकी पसंद की नौकरी के साथ ही अन्य बिंदुओं पर जानकारी हासिल की जाएगी। प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग एवं मेडिकल इंस्टीट्यूट में होने वाले कैंपस सेलक्शन की तर्ज पर व्यवस्था बनाई जा रही है। सेवायोजन विभाग रोजगार मेले के आयोजन में होनहारों को उनके रूचि के अनुसार अवसर उपलब्ध कराएगा। विभिन्न कंपनियों को आमंत्रित कर बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का प्रयास होगा।
अलग-अलग श्रेणी के युवाओं का विवरण संकलित कर उन्हें संबंधित क्षेत्र में कॅरियर संवारने के लिए सूचित किया जाएगा। विभाग डिग्री कॉलेज और टेक्निकल इंस्टीट्यूट में यह अभियान शुरू करने वाला है। तकनीकी शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों का इस वर्ष का विवरण, पिछले वर्षों के पास आउट और अंतिम सेमेस्टर के विद्यार्थियों डाटा संकलित किया जा रहा है
रोजगार मेला अभी तक व्यवस्थिति रूप से आयोजित होता रहा। कोई भी अभ्यर्थी नौकरी की उम्मीद लिए पहुंच जाता था। अब इन मेलों में सिर्फ वहीं अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे, जिन्हें संकलित विवरण के अनुसार सूचित किया जाएगा। जिस क्षेत्र की नौकरियों के लिए रोजगार मेला आयोजित होगा, उससे संबंधित अभ्यर्थी ही उसमें शामिल किए जाएंगे। जिन कंपनियों को फ्रेशर की जरूरत होगी उन्हें अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों से मिलवाया जाएगा। प्लेसमेंट सेल के इंचार्ज से विद्यार्थियों का नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी आदि हासिल किया जा रहा है।
इन बिंदुओं पर हो रहा सर्वे
विद्यार्थियों के नाम, पता, मोबाइल नंबर, शैक्षिक योग्यता के अलावा सरकारी, निजी नौकरी, उद्यमिता, गृह आधारित कार्य, अलाभकारी संगठन, एकाधिक अंशकालिक नौकरी आदि बिंदुओं पर सर्वे कराया जा रहा है। उनसे यह भी पूछा जाएगा कि जिले में, मध्य यूपी, यूपी के अंदर, देश में कहां नौकरी पसंद करना चाहेंगे। पहली नौकरी के वेतन की क्या अपेक्षा है। यदि व्यवसाय करना चाहते हैं तो किस क्षेत्र में उनकी रूचि है।
रोजगार को लेकर युवाओं को बेहतर सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए शासन से मिले लक्ष्य के सापेक्ष विद्यार्थियों की काउंसिलिंग कराई जा रही है। डाटा उपलब्ध होने के बाद नौकरी दिलाने की प्रक्रिया आसान हो जाएगी।
-अवधेंद्र प्रताप वर्मा, जिला सेवायोजन अधिकारी