सीडब्लूसी के चेयरमैन प्रेरक मिश्रा को अधिकार पत्र सौपते नेपाल दूतावास के अधिकारी।
- फोटो : BASTI
नेपाल दूतावास के अधिकारी पहुंचे, ली बच्चों की जानकारी
बस्ती। 24 अगस्त को ट्रेन में आरपीएफ को मिले 16 नेपाली बच्चों को लेकर नेपाल दूतावास सक्रिय हो गया है। बुधवार को दूतावास के तीन अधिकारी बस्ती पहुंचे। यहां उन्होंने बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रेरक मिश्रा से मिलकर दूतावास का पत्र सौंपा और बच्चों के बारे में जानकारी हासिल की। बाल कल्याण समिति की ओर से उन्हें बताया गया कि 13 बच्चों को गोंडा व तीन बच्चों को सिद्धार्थनगर में स्थित चाइल्ड होम में संरक्षित किया गया है। समिति ने अधिकारियों को बच्चों के संबंध में अधिकार पत्र सौंप दिया है।
उल्लेखनीय है कि 24 अगस्त को गोरखधाम एक्सप्रेस में रेलवे पुलिस फोर्स ने 16 नेपाली बच्चों को मानव तस्करी के संदेह में पकड़ा था। इन बच्चों को बाल कल्याण समिति अध्यक्ष प्रेरक मिश्र व अन्य सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां मेडिकल कराने के बाद उन्हे चाइल्ड होम गोंडा व सिद्धार्थनगर भेजा गया था। इसके बाद सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष ने नेपाल दूतावास से संपर्क साध कर उनको बच्चों के संबंध में जानकारी दी। तमाम पत्राचार के बाद नेपाल दूतावास भी लगातार संपर्क में रहा। प्रेरक मिश्र ने बताया कि जानकारी के बाद बच्चों के माता-पिता भी यहां आए थे, मगर यह मामला अंतरराष्ट्रीय होने के कारण उन्हें बच्चों को नहीं सौंपा गया।
दो दिन पहले ही नेपाल दूतावास ने मेल कर जानकारी दी थी कि उनके तीन अधिकारी हेल्थ क्रास प्रमुख विशाल थापा व बच्चों के संरक्षण की संस्था के भूमिराव भटराई व सुमन सपोटे जाएंगे। बुधवार को तीनों अधिकारी सीडब्ल्यूसी पहुंचे और नेपाल दूतावास से बच्चों के लिए खुद को अधिकृत होने का पत्र सीडब्ल्यूसी को दिया। इसकी जांच पड़ताल के बाद सीडब्ल्यूसी ने उन्हें बच्चों के लिए अधिकार पत्र दिया। सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष प्रेरक मिश्र ने बताया कि बच्चों को लेने तीन सदस्यीय टीम गोंडा व सिद्धार्थनगर जाएगी। उन्हें अधिकार पत्र दिया गया है। नेपाल दूतावास से ही बच्चों को उनके घर भेजा जाएग।