- किसान यूनियन ने कुसौरा विद्युत उपकेंद्र परिसर में लगाई पंचायत
संवाद न्यूज एजेंसी
कलवारी। थाना क्षेत्र के कुसौरा बाजार स्थित विद्युत उपकेंद्र परिसर में मंगलवार को किसान यूनियन में पंचायत लगाई। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी प्रदीप किसान ने कहा कि विद्युत उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति रोस्टर के अनुसार नहीं हो रही है। विभाग मासिक बिल भी समय से नहीं दे रहा है। ग्राम पंचायत पड़री में रामसूरत चौधरी को विभाग ने एक अतिरिक्त कनेक्शन जारी कर दिया है। शिकायत के बावजूद इसे ठीक नहीं किया जा रहा है। तमाम पात्रों के राशन कार्ड, विधवा व वृद्धावस्था पेंशन में अभिलेखीय खामियां हैं। इसे ठीक नहीं किया जा रहा है। छुट्टा मवेशियों को पकड़वाने में अफसर लापरवाही कर रहे हैं। यदि लोगों से जुड़ीं समस्याएं समय से निस्तारित नहीं कराई जाती हैं तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार घनश्याम शुक्ला को सात सूत्री ज्ञापन दिया। मौके पर दीप नारायण, रामसूरत, ओम प्रकाश, जटाशंकर, फूलचंद आदि मौजूद रहे।