केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने बस्ती में जनसभा में गिनाए भाजपा सरकार के काम
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती।
10 वर्षों में देश ने परिवर्तन की जो यात्रा तय की है, उससे दुनिया के तमाम देश उत्साहित होकर भारत से जुड़ रहे हैं। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की वजह से हो रहा है। भारत को अगले कुछ सालों में विश्व की तीसरी आर्थिक महाशक्ति बनाने के लिए केंद्र में एनडीए की सरकार जरूरी है। ये कहना है अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल का।
अनुप्रिया बस्ती में गौर ब्लॉक के बेलवरिया जंगल और सिद्धार्थनगर में शोहरतगढ़ के छतहरी के वीरेंद्र ग्रामीण मैदान में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रही थीं। बस्ती में आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए पहले की सरकारों ने कुछ सोचा ही नहीं था, जबकि भाजपा सरकार ने महिलाओं को आरक्षण का लाभ देकर उनकी सहभागिता बढ़ाने की दिशा में काम किया है। एनडीए से पहले की सरकारें महिलाओं की समस्या को नजर अंदाज करती रहीं। एनडीए की सरकार बनते ही शौचालय, 10 करोड़ उज्ज्वला कनेक्शन, हर घर नल से जल आदि योजनाएं महिलाओं की जिंदगी में खुशहाली लाने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 10 सालों के कार्यकाल में कोई घोटाला सामने नहीं आया है। सरकारी काम-काज ऑनलाइन होने के बाद से योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ी है। सरकार लाभार्थियों के खाते में सीधे योजनाओं का लाभ भेज रही है। देश को और आगे बढ़ाना है तो मोदी के नेतृत्व में एक बार फिर केंद्र में एनडीए की सरकार बनानी होगी।
शोहरतगढ़ के छतहरी के वीरेंद्र ग्रामीण मैदान में जनसभा के दौरान अनुप्रिया ने कहा कि देश के मतदाताओं के पास मौका है अपनी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य गढ़ने का। अपनी किस्मत अपने हाथ रचने का। उन्होंने कहा कि बीते 10 सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तरक्की की नई राह पर है। भारत की कीर्ति पूरी दुनिया में है। अन्य देश भारत के नक्शे कदम पर चलना चाहते हैं। देश में ऐसी सरकार है जो किसी देश की युद्ध भूमि से भारत के नागरिक को सुरक्षित ले आती है। इसलिए वोट डालने जाएं तो 10 साल व 70 साल की तुलना जरूर कर लें।