स्कूलों में स्टाल लगाकर बिकेंगी हाईस्कूल व इंटर की एनसीईआरटी की सस्ती किताबें
बस्ती। यूपी बोर्ड से संचालित माध्यमिक स्कूलों में सत्र 2022-23 में हाईस्कूल और इंटर की पाठ्य पुस्तकों के लिए तीन प्रकाशकों को अधिकृत किया गया है। बोर्ड के सचिव ने जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देशित किया है कि अधिकृत मुद्रकों से वार्ता करके स्कूल में किताबों को स्टॉल लगवाकर छात्रों को किताबें उपलब्ध कराएं, जिससे छात्र-छात्राओं को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण एनसीईआरटी की किताब मिल सके।
जिले में 382 विद्यालय यूपी बोर्ड से संचालित किए जाते हैं जिसमें 23 राजकीय, 70 सहायता प्राप्त और 289 वित्तविहीन विद्यालय है। बोर्ड ने सत्र 2022-23 में हाईस्कूल और इंटर की पाठ्य पुस्तकों के लिए तीन प्रकाशकों को अधिकृत किया है। लेकिन, शासन को शिकायत मिली कि निजी मुद्रकों और प्रकाशकों की ओर से अनधिकृत रूप से पुस्तकों का प्रकाशन कर बाजार में बेची जा रही हैं। इससे छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण और सस्ती एनसीईआरटी की पुस्तकें उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
शासन ने गंभीरता से लेते हुए बोर्ड के सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देशित किया है कि अधिकृत मुद्रकों से वार्ता करके छात्र-छात्राओं को पुस्तकों को उपलब्ध कराने के लिए स्कूलों में स्टाल लगवाएं जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्ता पूर्ण एनसीईआरटी की किताबें मिल सकें।
बोर्ड की ओर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 34 विषयों के 67 एनसीईआरटी पाठ्य पुस्तकों के मुद्रण एवं वितरण के लिए श्री कैला जी बुक्स आगरा, पीतांबरा बुक्स और डायनामिक टेक्स्ट बुक्स प्रिंटर्स झांसी को अधिकृत किया है।
शासन की ओर से पत्र आया है : जिला विद्यालय निरीक्षक
जिला विद्यालय निरीक्षक डीएस यादव ने बताया कि शासन की ओर से पत्र आया है। छात्रों को अधिकृत मुद्रकों से गुणवत्ता पूर्ण एनसीईआरटी की किताबें मिले, इसके लिए सभी प्रधानाचार्यों को स्कूल में किताबों में स्टाल लगवाने के लिए निर्देशित किया गया है।