बस्ती जिले में नेपाल से अयोध्या जा रही रामशिला यात्रा के दौरान एक फरवरी को श्रद्धालु जब पूजन में भावविभोर थे, तभी उचक्कों ने श्रद्धा को तार-तार करते हुए कई महिलाओं व पुरुषों की सोने की चेन तथा बटुओं को उड़ा लिया। इसका खुलासा रविवार को तब हुआ, जब एक पीड़ित ने तहरीर देकर चोरी का मुकदमा दर्ज कराया।
पहली फरवरी को दोपहर दो बजे जिला मुख्यालय के पटेल चौक पर शिलाओं के स्वागत व पूजन के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया था। वहां काफी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए। भीड़ तो शिलाओं के दर्शन, पूजन में व्यस्त थी। उसी बीच उचक्के अपना काम कर रहे थे। करीब दो घंटे तक यहां रहने के बाद शिलाएं जब आगे बढ़ीं तो लोगों का ध्यान अपनी चेन व बटुओं पर गया तो इस वारदात की जानकारी हुई।
यही नहीं, शिला पूजन के दौरान जब मोबाइल फोन से लोग वीडियो बना रहे थे तो उसमें भी एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया, जो इस कारगुजारी को अंजाम दे रहा था। इसकी जानकारी जब विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री प्रमोद पांडेय को हुई तो वह तहरीर लेकर रविवार को कोतवाली पहुंचे।
तहरीर में उन्होंने अनिल गुप्ता, संतोष गुप्ता, नीरज कसौधन और अंकित गुप्ता सहित कई लोगों के बटुए, पर्स व चेन चोरी होने की बात लिखी है। प्रमोद की तहरीर पर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। एसएचओ शशांक शेखर राय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है।