परशुरामपुर। थानाक्षेत्र के गोरया गांव में विवाहिता की आत्महत्या के मामले में मृतका के पिता ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर मृतका के पति समेत तीन ससुरालियों पर केस दर्ज किया है।
गोंडा के नबाबगंज थाने के खडौवा गांव के रहने वाले शिवपूजन चौहान ने तहरीर में बताया कि उनकी बेटी शकुंतला की शादी तीन वर्ष पहले परशुरामपुर थाना क्षेत्र के गोरया निवासी राजकपूर पुत्र श्याम सिंह चौहान से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही शकुंतला के पति, ससुर तथा सास दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करने लगे। मंगलवार को शिवपूजन चौहान को किसी ने सूचना दी कि उनकी लड़की के यहां कुछ हुआ है। शिवपूजन गोरया पहुंचे तो अपनी लड़की को मृत पाया। शिवपूजन की तहरीर पर पति राजकपूर, ससुर श्याम सिंह तथा सास गुलशन देवी पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
परशुरामपुर के एसएचओ रामेश्वर यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।