बनकटी। सूर्य बक्श पाल इंटर काॅलेज व महाविद्यालय के प्रबंधक और डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल के जन्मदिन पर मंगलवार को आशीर्वाद समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने तमाम सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
मुख्य अतिथि गोरक्ष प्रांत के क्षेत्रीय भाजपा अध्यक्ष सहजाननंद राय ने कहा कि जगदंबिका पाल जैसी शख्सियत लाखों में एक होती है। उनका राजनीतिक जीवन निर्विवाद रहा है। विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने कहा कि पाल ने राजनीति में रहते हुए लोगों की भलाई के लिए तमाम काम किए हैं।
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि यह जन्मभूमि के लोगों का प्यार है, जो मुझे हर साल अपनी पैतृक धरती पर जन्मदिन मनाने के लिए आमंत्रित करता रहता है। जब तक सांस हैं, अपने लोगों की भलाई के लिए सबसे आगे खड़ा रहूंगा। एक शिक्षक का पुत्र होने के नाते भी समाज काे आदर्श पथ पर ले जाना मेरा कर्तव्य है। इस अवसर पर लोक कलाकार पंकज गोस्वामी ने सोहर, उलारा, नकटा गीतों की प्रस्तुति दी।
मौके पर भाजपा के पर्व जिलाध्यक्ष महेश शुक्ला, पूर्व विधायक रवि सोनकर, अरविंद पाल, रघुनाथ सिंह, अजीत सिंह, कृष्ण चंदर सिंह, उमेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।