मुंडेरवा। बेहरा गांव के 42 वर्षीय सब्जी विक्रेता तुलसीराम की बुधवार सुबह खेत में लाश मिली। मंगलवार शाम को वह खेत देखने निकला था। उसकी मोपेड रात में लावारिस हालत में मिली थी। उसके शरीर पर चोट, खरोंच के निशान नहीं मिले हैं।
जानकारी के अनुसार, बेहरा गांव निवासी तुलसीराम मंगलवार शाम करीब पांच बजे मोपेड से बेहरा चौराहे से 100 मीटर पश्चिम रोड के उत्तर तरफ अपना खेत देखने गए थे। कुछ देर बाद लोगों ने वहां मोपेड खड़ी देखी, मगर आसपास कोई नहीं था। उसी दौरान ओरवारा की तरफ से गश्त कर लौट रहे थानाध्यक्ष भी भीड़ देखकर रुक गए। मामले की जानकारी होने के बाद पुलिस टीम ने ग्रामीणों के साथ तलाश शुरू की, लेकिन रात 10 बजे तक कामयाबी नहीं मिली।
ग्राम प्रधान के प्रार्थनापत्र पर गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस चली आई। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने तुलसीराम का शव खेत के पास स्थित झाड़ के पास पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंचे थानाध्यक्ष कमलेश कुमार गौड़ ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। जेब से लगभग एक हजार रुपये, मोबाइल और चश्मा तथा कुछ दवाएं मिली हैं। तुलसीराम अकेला था, उसका कोई वारिस नहीं है। वह गांव में सब्जी बेचकर भरण-पोषण करता था। प्रथम दृष्टया उसकी मौत हार्ट अटैक होने से लग रही है।