बस्ती। वाल्टरगंज कस्बे के गन्ना यार्ड में चरने गईं बकरियों को चुराने के आरोप में भीड़ ने तीन लोगों को पकड़ा है। वाल्टरगंज निवासी शब्बीर ने थाने में दी तहरीर दी है कि शुक्रवार को दोपहर करीब तीन बजे उन्होंने अपनी बकरियों को चरने के लिए सुगर मिल के गन्ना यार्ड में बांधा था। आरोप है कि तभी दो व्यक्ति आए और बकरियों को खोलकर ऑटो रिक्शा में लाद लिया। उनके चचेरे भाई अमजद अली ने देखा तो वह शोर मचाने लगा। आवाज सुन आसपास मौजूद लोग एकत्र हो गए और आरोपी को पकड़ लिया गया। ऑटो व उस पर लादी गई बकरियों को भी बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर आरोपियों को लेकर स्थानीय लोग थाने पहुंच गए। पुलिस के अनुसार आरोपी युसुफ खान निवासी डफाली टोला थाना पुरानी बस्ती हाल मुकाम काशीराम आवास थाना कोतवाली, रहीस अंसारी निवासी काशीराम आवास डारीडीहा भदेश्वरनाथ और सलमान खान निवासी पक्का काशीराम आवास थाना कोतवाली के खिलाफ चोरी व बरामदगी का मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया। थानाध्यक्ष नारायण लाल श्रीवास्तव ने बताया कि तीनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।