बस्ती। ग्रामीणों की सुविधा के लिए पंचायतों में मिनी सचिवालय का निर्माण कराया गया है। जिससे उन्हें ऑनलाइन माध्यमों से आय, जाति, निवास आदि प्रमाण पत्र बनावाने में आसानी हो सके। इससे उनका समय बचेगा और एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं मिल जाएंगी। लेकिन मिनी सचिवालय में कोई जिम्मेदार नहीं बैठ रहे हैं।
बहादुरपुर के ग्राम पंचायत कोठवाभरतपुर में निर्मित मिनी सचिवालय भवन पर ताला लटका रहता है, जिससे लोगों को विभिन्न प्रमाणपत्र बनवाने के लिए तहसील और ब्लॉक मुख्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है। ग्रामीण शिवा, दिलीप, जाफर, आसाराम, अशरफ, खुशी राम, भगवानदीन आदि ने बताया कि पंचायत भवन में कभी भी कोई नहीं बैठता है। पंचायत सहायक भी एक विद्यालय में शिक्षण कार्य करती हैं, जिससे परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। प्रधान प्रतिनिधि ताज मोहम्मद ने बताया कि मिनी सचिवालय में लेखपाल, सचिव व पंचायत सहायक के न बैठने को लेकर ब्लॉक अफसरों से शिकायत की गई है।