बस्ती। सीबीएसई दसवीं एवं बारहवीं की परीक्षा में मेधावियों ने ऊंची उड़ान भरी। परिणाम आने के बाद से ही घरों से लगायत स्कूलों तक चहल-पहल तेज हो गई। मेधावियों के घर जश्न का माहौल छा गया। परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की हर कोई हौसलाअफजाई करता रहा।
वर्ष 2023 की सीबीएसई की परीक्षा को 10 वीं एवं 12 वीं के छात्रों एक बार फिर यादगार बनाया। प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने वालों की फेहरिस्त सभी स्कूलों में लंबी रही। विद्यालय प्रबंधन की तरफ से मेधावियों को स्कूल में बुलाया गया। इनके समूह के साथ शिक्षकों और प्रबंधकों ने फोटो भी खिंचवाए। उन्हें मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। गुरुजनों ने पीठ थपथपाकर उनके हौसलों को पंख लगाया। दूसरी ओर जनपद एवं स्कूल टाॅॅपरों का उमंग देखते ही बन रहा था। टाॅपरों के साथ उनके परिवार के सदस्य भी खुशी में उछल रहे थे। बड़े-बुजुर्गों ने मेधावियों को गले लगाकर आशीर्वाद दिया तो शिक्षकों और साथियों ने बधाई दी। शुक्रवार का दिन उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के नाम रहा। उन्हें फोन पर भी बधाई संदेश मिलते रहे। मेधावी भी आपस में खुशियों का इजहार कर रहे थे।