राज्य स्तरीय टॉपरों को मिला एक लाख रुपेय का चेक और टैबलेट
विकास भवन सभागार में यूपी बोर्ड के मेधावियों के लिए सम्मान समारोह आयोजित
जिले स्तर के 22 टॉपरों को मिला टैबलेट और 21 हजार रुपये का चेक, जताई खुशी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट टॉपरों के सम्मान में प्रशासनिक सेवा एवं राजनीति से जुड़ी हस्तियां आगे आईं तो उनके खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सम्मान पाकर मेधावियों के अरमानों को पंख लग गए। राज्य स्तरीय टॉपरों में शामिल जिले के चार विद्यार्थियों को प्रोत्साहन के तौर पर एक लाख रुपये का चेक मिला। वहीं जिला स्तरीय 18 टॉपरों को टैबलेट के साथ 21 हजार रुपये का चेक दिया गया। आवभगत के बीच पुरस्कार पाकर मेधावी निहाल हो उठे।
शनिवार को विकास भवन सभागार में माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर मेधावी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें यूपी बोर्ड के राज्य स्तरीय टॉपरों में शामिल चार तथा जिला स्तरीय टॉपरों में शामिल इंटरमीडिएट और हाईस्कूल उत्तीर्ण 18 मेधावियों को बुलाया गया।
मेधावियों का सम्मानित करने के लिए डीएम रवीश गुप्ता, सीडीओ जयदेव सीएस, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, विधायक बस्ती सदर महेंद्र नाथ यादव, विधायक हर्रैया अजय सिंह, डीआईओएस जगदीश प्रसाद शुक्ल समेत तमाम अधिकारी, जनप्रतिनिधि आगे आए। मेधावियों के उत्साहवर्धन में लोगों ने अपने अनुभव भी साझा किए। उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान राज्य स्तरीय टॉप टेन सूची में शामिल 8वें स्थान की हाईस्कूल उत्तीर्ण खुशी त्रिपाठी, 10वें स्थान पर रहीं नुपूर पांडेय एवं इंटरमीडिएट राज्य स्तरीय टापटेन में शामिल 10वें स्थान पर दीपक मौर्य व जया पाठक को अतिथियों ने एक-एक लाख रुपये का चेक और टैबलेट प्रदान कर सम्मानित किया पुरस्कार पाते ही मेधावियों के हौसलों को पंख लग गए।
इसके बाद जिला स्तरीय टॉप टेन 18 विद्यार्थियों को बारी-बारी से 21 हजार रुपये का चेक, टैबलेट एवं प्रशस्ति पत्र देकर उनकी हौसला आफजाई की गई। हाईस्कूल जिला टॉपरों में खुशी त्रिपाठी प्रथम, नूपुर पांडेय द्वितीय, दिव्या शुक्ला तृतीय, प्रतिष्ठा चौधरी, शिवांश पांडेय, आकर्ष शुक्ला चर्तुथ, अर्चित वर्मा, प्रशांत मौर्य पंचम, रूद्र प्रताप, मोहम्मद मोशीर और छठें स्थान पर रहीं तनु शामिल रहीं।
इंटरमीडिएट में दीपक मौर्या और जया पाठक प्रदेश में 10वां और जिले में पहला, दिव्यांशी यादव द्वितीय, जनार्दन चौधरी, प्रतीक्षा वर्मा तृतीय, आकाश सोनी, सौम्या वर्मा चतुर्थ, सबा खातून, काजल पांचवें एवं छठे स्थान पर रहने वाले नितिश कुमार और अंशिका सिंह को पुरस्कार से नवाजा गया। कार्यक्रम का संचालन मानवी सिंह ने किया। इस मौके पर विधायक के प्रतिनिधि गुलाब सोनकर, एमएलसी के प्रतिनिधि हरीश सिंह, बीएसए अनूप कुमार, जीजीआईसी प्रधानाचार्य संधिला चौधरी, उदयभान सिंह, बागीश पाठक, योगेश शुक्ला आदि मौजूद रहे।