सोनहा। भाकियू तहसील इकाई भानपुर ने संपूर्ण समाधान दिवस में जन समस्याओं के समाधान के लिए 7 सूत्री मांगपत्र जिलाधिकारी रवीश गुप्ता को सौंपा। तहसील अध्यक्ष श्याम नारायन सिंह ने प्रमुख बाजारों में आधार सेंटर खोलने की मांग की। कहा कि बारिश न होने से धान की फसल सूख रही है। क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित किया जाए। रामनगर राजकीय कृषि गोदाम की बाउंड्री व गेट लगवाया जाए। नहर से निकलने वाले माईनर में पानी पहुंचाया जाए। रुधौली-डुमरियागंज मार्ग पर आवागमन के मद्देनजर रखते हुए परिवहन की बसों का संचालन कराया जाए। बंद पड़े राजकीय नलकूपों को चालू कराया व यूरिया की किल्लत से किसान परेशान हैं साथ ही निजी दुकानदार महंगे दाम पर बेच रहे हैं। इस मामले में जांच कर कार्रवाई की जाए। इस दौरान रामजीत चौधरी, पीताम्बर, श्यामलाल, रामजगत व राकेश मौजूद रहे।