गोरखपुर में बीआरडी मेडिकल काॅलेज स्थित नर्सिंग कॉलेज में बीएससी नर्सिंग कोर्स में काउंसिलिंग में एक छात्र के प्रवेशपत्र पर अभ्यर्थी का फोटो प्रवेश लेने वाले छात्र से नहीं मिलने पर काॅलेज प्रशासन ने दो लोगों पर धोखाधड़ी व सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया है।
जानकारी के मुताबिक, बीआरडी मेडिकल कॉलेज के राजकीय नर्सिंग कॉलेज की प्रधानाचार्य डाॅ. अलका सक्सेना ने 25 जुलाई 2023 को गुलरिया पुलिस को पत्र देकर बताया कि बीएससी नर्सिंग में प्रवेश के लिए इरशाद आलम पुत्र नुरुल हुसैन का अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय से राजकीय नर्सिंग काॅलेज बीआरडी मेडिकल कॉलेज आवंटित हुआ। काउंसिलिंग के दौरान प्रस्तुत दस्तावेजों से पता चला कि परीक्षा किसी अन्य व्यक्ति ने दी और प्रवेश के लिए व्यक्ति अन्य था।
कॉलेज प्रशासन ने दस्तावेजों की प्रति जांच के लिए अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय भेज दिया। जांच में पता चला प्रवेश परीक्षा किसी और ने दी थी। जांच के बाद गुलरिहा पुलिस ने इरशाद आलम और एक अज्ञात पर जालसाजी व यूपी सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम की धारा 6/10 में मंगलवार को केस दर्ज कर लिया। प्रभारी निरीक्षक जेएन शुक्ल ने बताया तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।