दुबौलिया क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर बढने पर सुविका बाबू गांव के लोग नांव से आते जाते हुए।
बैराजों से छोड़ा गया 3 लाख क्यूसेक पानी, 24 घंटे में दिखाएगा असर
- कटरिया चांदपुर तटबंध के ठोकर नंबर 1 पर बढ़ा पानी का दबाव
संवाद न्यूज एजेंसी
दुबौलिया। सरयू नदी का जलस्तर तीन दिनों से लगातार बढ़ रहा है। जिससे तटबंध व नदी के बीच बसे दर्जनभर गांवों ने नागरिक सहमें हैं। केंद्रीय जल आयोग अयोध्या कार्यालय के अनुसार, शुक्रवार का जलस्तर 92.420 मीटर दर्ज हुआ जो कि खतरे के निशान से महज 31 सेंमी नीचे है।
जानकारी के अनुसार, जलस्तर बुधवार भोर से बढ़ना शुरु हुआ है और लगातार बढ़ता जा रहा है। कटरिया गांव के सामने से लेकर शेरवाघाट तक और माझा देवारागंगबरार में स्थित दूसरी धारा में भी कटान हो रही है। कटरिया चांदपुर तटबंध पर स्थित ठोकर नंबर 1 पर पानी का दबाव बना हुआ है। इसी तटबंध के खजांचीपुर गांव से लेकर खलवा तक पानी का दबाव बढ़ गया है। गौरा- सैफाबाद तटबंध पर पारा गांव के सामने 500 मीटर क्षेत्र में पानी का दबाव बना हुआ है।
शुक्रवार की सुबह विभिन्न बैराजों से करीब 2 लाख 92 हजार 194 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसमें गिरिजा, शारदा व सरयू बैराज शामिल हैं। इसका असर शनिवार सुबह 9 बजे तक देखने को मिलेगा। बताया जा रहा है कि इससे सरयू का जलस्तर लाल निशान तक पहुंच जाएगा। गौरा-सैफाबाद तटबंध के सहायक अभियंता हरिश्चंद्र ने बताया की जलस्तर बढ़ रहा है, तटबंध पर हालात सामान्य हैं। लगातार निगरानी की जा रही है। तटबंध पर चिंताजनक स्थिति नहीं है।