पांच ससुराली नामजद, पुलिस मामले की जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। दहेज में ढाई लाख रुपये कम मिलने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने के एक मामले में वाल्टरगंज थाने की पुलिस ने पीड़िता के पति, सास, ससुर समेत पांच ससुरालियों पर केस दर्ज किया है। पीड़िता का कहना है कि दहेज में बाइक और ढाई लाख रुपये कम मिलने की बात पर वह लोग ताना मारते थे। आरोप है कि जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकाल दिया।
इस संबंध में सोनहा थानाक्षेत्र के कनूथू में पिता के पास रह रही पीड़िता श्रद्धा पांडेय ने तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के गनेशपुर में अनिल कुमार चौबे के साथ हुई है। शादी के बाद से ही ससुराल के लोग बाइक और ढाई लाख रुपये कम मिलने की बात पर ताना मारते थे। परिवार की बात समझकर वह सहती रही और ससुराल व मायके आना-जाना लगा रहा।
बाद में वह लोग मारना पीटना शुरू कर दिए। एक दिन उन लोगों ने मार पीटकर घर से निकाल दिया। अपशब्द कहते हुए धमकी दी कि लौटकर आई तो जान से मार देंगे। पुलिस ने पीड़िता के पति अनिल कुमार चौबे उर्फ धनन्जय, ससुर शास्त्री चौबे, सास विद्यावती चौबे, ननद सुमन और जेठानी वन्दना चौबे निवासी गनेशपुर थाना वाल्टरगंज के खिलाफ केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू की है।