विवाहिता की मौत, चार पर दहेज हत्या का केस
सिकंदरपुर/परशुरामपुर (बस्ती)। परशुरामपुर थानाक्षेत्र के सिकंदरपुर में 25 वर्षीय विवाहिता को घर के अंदर खून से लथपथ पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे जिला अस्पताल अयोध्या ले गई, जहां उसको मृत घोषित कर दिया गया। अयोध्या पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृत पिंकी के पिता हरिश्चंद्र मौर्या, निवासी लालबाग, थाना नगर अयोध्या की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया लिया। एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मृतका के पिता ने तहरीर में लिखा है कि उन्होंने अपनी बेटी पिंकी की शादी चार वर्ष पूर्व परशुरामपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर बाजार निवासी जितेंद्र मौर्य उर्फ करिया से की थी। दोनों की दो वर्ष की एक बेटी है। दूसरी ओर, परिवार वालों का कहना है कि जितेंद्र व पिंकी उन लोगों से अलग रहते थे। दीपावली के दिन त्योहार मनाने वे लोग घर आए थे। बताया जा रहा है कि जितेंद्र की मां रात नौ बजे के करीब बहू को खाना खाने के लिए बुलाने कमरे में गई तो उसे खून से लथपथ फर्श पर पड़ा देखा। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। एएसपी, सीओ शेषमणि उपाध्याय, एसएचओ अरविंद शाही सहित अन्य मौके पर पहुंच गए।
उधर, मृत युवती के पिता का कहना है कि शादी के कुछ दिनों बाद तक रिश्ता अच्छा रहा। उसके बाद ससुराल पक्ष के लोग मोटरसाइकिल व रुपये की मांग करने लगे। दीपावली की रात उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी की मौत हो गई है। एसएचओ ने बताया कि आरोपी पति जितेंद्र, ससुर अनंतराम, सास और देवर रवि पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।