बस्ती। कोतवाली पुलिस ने पांच लाख रुपये दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने के संबंध में ससुराल के तीन लोगों पर केस दर्ज किया है। इस संबंध में मोहिनी कसौधन निवासी त्रिपाठी गली गांधीनगर बस्ती ने तहरीर दी, जिसमें बताया कि उनकी शादी लखनऊ के सीतापुर रोड इंजीनियरिंग काॅलेज चौराहे के पास हनुमान मंदिर के सामने दूसरी गली में शुभम कसौधन के साथ हुई है।
शादी के बाद से ही पति के अलावा सास सुनीता देवी व जेठ अंकुर गुप्ता उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। दहेज में पांच लाख रुपये की मांग को लेकर वे लोग मारते-पीटते हैं। इसकी सूचना पर जब उसकी मां ससुराल आई तो उसके साथ अमानवीय व अभद्र भाषा का प्रयाेग करते हुए अपमानित व तिरस्कृत किया गया। 18 सितंबर को उसके पति मायके आकर मां एवं भाई से मारपीट की और उन्हें अपशब्द कहते हुए जानमाल की धमकी दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। संवाद